दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में 25 वर्षीय एमबीए छात्रा का शव उसके क्लासमेट के किराए के कमरे में निर्वस्त्र अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा पिछले तीन दिनों से लापता थी। कमरे के बाहर ताला लगा हुआ था और बदबू आने की शिकायत के बाद पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर बेड पर शव मिला। घटना के बाद से आरोपी छात्र फरार है।
10 फरवरी से थी लापता
पुलिस के अनुसार, युवती 10 फरवरी को घर से आधार कार्ड ठीक कराने की बात कहकर निकली थी। पिता ने उसे कलेक्टोरेट के पास छोड़ा था। वहां से उसने अपनी छोटी बहन को फोन कर बताया कि वह अपने क्लासमेट पीयूष के साथ बर्थडे पार्टी में जा रही है और रात 11 बजे तक लौट आएगी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी और मोबाइल फोन भी बंद हो गया।
व्हॉट्सएप ग्रुप में आया आपत्तिजनक वीडियो
उसी रात कॉलेज के आधिकारिक व्हॉट्सएप ग्रुप में युवती के मोबाइल से एक आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया गया। वीडियो में युवक का चेहरा इमोजी से छिपा हुआ था, जबकि युवती का चेहरा स्पष्ट दिख रहा था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने युवती के मोबाइल से उसका स्टेटस भी लगाया और फोन में सेव संपर्कों को वीडियो भेजकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित और ब्लैकमेल किया।
कॉलेज प्रबंधन ने 11 फरवरी को वीडियो हटाया और युवती के पिता को बुलाकर दोनों छात्रों के फोन बंद होने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पड़ोसियों की सूचना पर खुला मामला
घटना अंकल गली क्षेत्र की बताई जा रही है। कमरे से बदबू आने की शिकायत पर द्वारकापुरी पुलिस मौके पर पहुंची। बाहर से ताला लगा होने के कारण पुलिस ने दरवाजा खुलवाया। अंदर बेड पर युवती का शव मिला। मौके पर एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।
कमरा मंदसौर निवासी पीयूष धामनोदिया का बताया जा रहा है, जो सांवेर रोड स्थित एक संस्थान से एमबीए सेकेंड सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद से वह फरार है।
पिता का आरोप- यातनाएं देकर की गई हत्या
युवती के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को यातनाएं देकर हत्या की गई। उनका कहना है कि आरोपी ने वीडियो वायरल कर मानसिक दबाव बनाया और ब्लैकमेल किया। उन्होंने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते सख्ती से कार्रवाई होती तो बेटी की जान बच सकती थी।
एडिशनल डीसीपी के अनुसार, आरोपी के परिजन मंदसौर में रहते हैं और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें रवाना की गई हैं। मामले की जांच जारी है।
Tags
madhya pradesh
