दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी के गठन को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने छिंदवाड़ा, मऊगंज, झाबुआ और सागर जिलों की जिला कांग्रेस कमेटी (DCC) की कार्यकारिणी को फिलहाल होल्ड कर दिया है। इन जिलों की कार्यकारिणी 30 जनवरी को घोषित की गई थी, लेकिन पदाधिकारियों की संख्या अधिक होने पर AICC ने आपत्ति जताई और नई गाइडलाइन जारी कर दी।
AICC के निर्देश पर अब जिला कांग्रेस कार्यकारिणी के गठन के लिए पदाधिकारियों की संख्या तय कर दी गई है। नई व्यवस्था के अनुसार जिला कार्यकारिणी दो श्रेणियों—31 सदस्यीय और 51 सदस्यीय—में बनाई जाएगी। जिन जिलों में दो विधानसभा सीटें हैं, वहां 31 पदाधिकारी होंगे, जबकि तीन से नौ विधानसभा सीटों वाले जिलों में 51 पदाधिकारी निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा कुल संख्या का 50 प्रतिशत विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा, जिसमें पूर्व सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
एमपी कांग्रेस के संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले ने स्पष्ट किया कि जिला कार्यकारिणी को कैंसिल नहीं किया गया है, बल्कि AICC के निर्देशानुसार नई सूची जारी कर पुरानी कार्यकारिणी को रिप्लेस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में जिला कांग्रेस कमेटियों का गठन नई गाइडलाइन के अनुसार ही किया जाएगा और जिलों को 10 दिनों के भीतर प्रस्ताव प्रदेश कार्यालय भेजना होगा।
गौरतलब है कि 30 जनवरी को घोषित छिंदवाड़ा जिला कांग्रेस कमेटी में पदाधिकारियों और सदस्यों की संख्या 250 से अधिक थी, जबकि सागर में 141 और मऊगंज में 59 पदाधिकारी बनाए गए थे। खासतौर पर छिंदवाड़ा, जो पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का गढ़ माना जाता है, वहां जिला स्तर पर 258 पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई थी और कमलनाथ तथा नकुलनाथ को संरक्षक बनाया गया था। AICC के नए निर्देश के बाद अब इन जिलों की कार्यकारिणी को निर्धारित संख्या के अनुसार दोबारा गठित किया जाएगा।
Tags
madhya pradesh
