दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अगर आपके पास भी कार है तो यह खबर आपको सावधान कर सकती है। शहर के अंधमूक बायपास रोड पर एक व्यक्ति की कार में 4 फीट लंबा सांप घुस गया। सांप कार के बोनट के अंदर इंजन के पास छिपकर बैठ गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
सड़क पार कर कार में घुसा सांप
मंगलवार दोपहर शुभम तिवारी ने देखा कि एक करीब 4 फीट लंबा सांप सड़क पार कर उनकी कार की ओर बढ़ रहा है। देखते ही देखते वह रेंगते हुए कार के बोनट के अंदर घुस गया। सांप के इंजन के पास छिप जाने से आसपास के लोग भी घबरा गए।
खुद की कोशिश रही नाकाम
शुभम तिवारी ने पहले अपने स्तर पर सांप को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे को सूचना दी।
सर्प विशेषज्ञ ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
मौके पर पहुंचे सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे ने सावधानीपूर्वक प्रयास करते हुए सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि यह धामन प्रजाति (रैट स्नेक) का सांप है, जिसे घोड़ा पछाड़ भी कहा जाता है। यह सांप जहरीला नहीं होता और आमतौर पर चूहों को खाता है।
करीब 4 फीट लंबे इस धामन सांप को रेस्क्यू करने के बाद उसे सुरक्षित रूप से बरगी के जंगल में छोड़ दिया गया।
Tags
jabalpur
