दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कृषि उपज मंडी स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में लोन चुकाने आए एक युवक को बैंक मैनेजर ने गलती से किसी दूसरे ग्राहक का सोना सौंप दिया। मामला सामने आते ही युवक ने ईमानदारी दिखाते हुए सोना वापस बैंक को लौटा दिया।
जानकारी के अनुसार, युवक ने अपने सोने को गिरवी रखकर बैंक से 5 लाख रुपए का लोन लिया था। शनिवार को जब उसने पूरा लोन चुका दिया और अपना सोना लेने पहुंचा, तो बैंक प्रबंधन की ओर से बड़ी चूक हो गई। बैंक स्टाफ ने उसे उसके सोने की जगह किसी अन्य ग्राहक का सोना दे दिया।
घर पहुंचने के बाद युवक को जब इस गलती की जानकारी हुई, तो उसने तुरंत बैंक मैनेजर से संपर्क किया। इसके बाद मंगलवार को वह सोना लेकर दोबारा बैंक पहुंचा और पूरा मामला बैंक को बताया।
मामले में कपिल पटेल ने बताया कि दो साल पहले उनके छोटे भाई शिवम पटेल ने बैंक में 7.5 तोला सोना गिरवी रखकर लोन लिया था। दो साल में लोन की पूरी राशि चुका दी गई। इसके बाद जब वे सोना लेने पहुंचे, तो बैंक मैनेजर ने किसी और का सोना दे दिया। यह बैंक प्रबंधन की गंभीर लापरवाही है।
Tags
jabalpur

