दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) रायसेन। रायसेन जिले के वनखेड़ी गांव में मंगलवार दोपहर एक पूर्व कर्मचारी ने नर्सरी प्रभारी डिप्टी रेंजर सहित दो लोगों को गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पूरन उर्फ गुड्डा लोधी ने देसी कट्टे से एक के बाद एक पांच गोलियां चलाईं। गोलीबारी में डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा को पीठ में गोली लगी, जबकि महिला कर्मचारी सुमन बाई को लगी गोली शरीर के आर-पार हो गई। एक अन्य कर्मचारी डालचंद पर भी फायर किया गया, लेकिन वह भागते समय गिर पड़ा, जिससे गोली उसके ऊपर से निकल गई और वह बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। कुछ समय बाद उसका शव पास ही एक पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने मौके का मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायल डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद रायसेन जिला अस्पताल से भोपाल रेफर किया गया। बताया गया कि उस समय सरकारी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी, जिसके चलते उन्हें निजी एंबुलेंस से भोपाल भेजा गया।
डिप्टी रेंजर ने अपने बयान में बताया कि आरोपी पहले उनके पास आया, पैर छुए और कुछ बातचीत की। इसके बाद अचानक फायरिंग शुरू कर दी। एडिशनल एसपी कमलेश कुमार खरपुसे के अनुसार, पूरन लोधी करीब पांच साल पहले नर्सरी में मजदूरी करता था, लेकिन ड्यूटी में लापरवाही के कारण उसे हटा दिया गया था। इसी बात से वह नाराज बताया जा रहा है।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Tags
madhya pradesh
