MP News: ग्वालियर में CRPF जवान के मकान पर किरायेदार का कब्जा, पत्नी को निकाला; जान से मारने की धमकी का आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। ग्वालियर में तैनाती के दौरान अपने घर को किराए पर देना एक CRPF जवान के लिए परेशानी का कारण बन गया। जम्मू-कश्मीर में तैनात जवान रौनक सिंह धाकड़ ने आरोप लगाया है कि उनके मकान पर किरायेदार ने कब्जा कर लिया है और खाली करने के बजाय जान से मारने की धमकी दे रहा है। मामले में जवान ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

जवान रौनक सिंह धाकड़ के अनुसार, उन्होंने मार्च 2025 में अपने मकान को शैलेंद्र गुर्जर नामक व्यक्ति को किराए पर दिया था। उस समय वह जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी पर तैनात थे। कुछ समय बाद जब किरायेदार को मकान बेचने की जानकारी मिली, तो उसने मकान खरीदने के लिए एग्रीमेंट करने का दबाव बनाया। जवान ने मकान की कीमत 25 लाख रुपए बताई, लेकिन किरायेदार ने न तो रकम दी और न ही मकान खाली किया।

पीड़ित जवान ने आरोप लगाया कि किरायेदार शैलेंद्र गुर्जर ने उनकी पत्नी रेखा सिंह को भी मकान से बाहर निकाल दिया। जब जवान ने फोन पर मकान खाली करने या भुगतान करने को कहा, तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

रौनक सिंह धाकड़ का कहना है कि वह पिछले आठ महीने से पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक सैनिक को न्याय पाने के लिए इतना संघर्ष करना पड़ रहा है, तो आम नागरिकों की स्थिति क्या होगी।

इस मामले में जवान ने एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी है। सीएसपी ग्वालियर नागेंद्र सिकरवार ने मामले में जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post