MP News: अनुपस्थित शिक्षक को वेतन देने पर प्रभारी प्राचार्य निलंबित

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सागर। सागर जिले के बांदरी स्थित संदीपनी विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य देवेंद्र कुमार मिश्रा को संभाग आयुक्त अनिल सुचारी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई विद्यालय में क्रय प्रक्रिया के नियमों का पालन नहीं करने और अनुपस्थित शिक्षक को वेतन भुगतान करने के मामले में की गई है।

संभाग आयुक्त कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, प्रभारी प्राचार्य देवेंद्र कुमार मिश्रा के खिलाफ अनियमितताओं की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर एक जांच समिति गठित की गई, जिसने जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की।

जांच प्रतिवेदन में सामने आया कि विद्यालय के लिए सामग्री खरीदते समय मप्र भंडार क्रय नियम एवं सेवा उपार्जन नियम 2015 (संशोधित 2022) के नियम 9 तथा निर्धारित प्रपत्र में दिए गए प्रावधानों का पालन नहीं किया गया। इसके अलावा, वर्ग-3 सहायक शिक्षक (विज्ञान) दिव्यांश मिश्रा के लगातार अनुपस्थित रहने के बावजूद उन्हें वेतन का भुगतान किया गया।

जांच समिति की रिपोर्ट और संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण सागर संभाग से प्राप्त अभिमत के आधार पर प्रभारी प्राचार्य देवेंद्र कुमार मिश्रा को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया। इसके बाद संभाग आयुक्त ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post