MP News: 40 हजार के विवाद में किसान की गोली मारकर हत्या, बचपन से बोल और सुन नहीं सकता था मृतक

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में 40 हजार रुपए के लेन-देन के विवाद में एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना मंगलवार दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच गिरगांव क्षेत्र में हुई। घायल किसान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार गिरगांव निवासी किसान डालचंद गुर्जर (40) अपने भाइयों राजवीर गुर्जर और अन्य भाई के साथ खेत में पानी दे रहा था। इसी दौरान गांव के ही रहने वाले रामसेवक, सोनू, सुमनता, लल्ला उर्फ बंटी, भब्बा और दीपू गुर्जर सहित अन्य लोग वहां पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया।

सिर में गोली लगने से गंभीर घायल

विवाद के दौरान आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में एक गोली डालचंद गुर्जर के सिर में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

इलाज के दौरान अस्पताल में मौत

परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल किसान को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल समूह के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि मृतक डालचंद गुर्जर बचपन से ही न तो बोल सकता था और न ही सुन सकता था। उसकी हत्या से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। महाराजपुरा सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार के अनुसार दो पक्षों में पुराने विवाद के चलते झगड़ा हुआ था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

15 दिन पहले भी हुआ था विवाद

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच करीब 15 दिन पहले भी विवाद और हमला हुआ था। उसी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post