दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहर में अवैध शराब के ट्रांसपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक ही परमिट पर दो गाड़ियों से ले जाई जा रही बीयर जब्त की है। पुलिस ने एक ट्रक और एक आयशर वाहन सहित करीब 1 करोड़ रुपए का माल जब्त किया है, जिसमें बीयर की कीमत लगभग 80 लाख रुपए बताई जा रही है। इस मामले में दो वाहन चालकों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार दोनों वाहन मक्सी से धार की ओर जा रहे थे। वाहनों में कुल 2800 कार्टून बीयर भरी हुई थी। शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए डीसीपी कुमार प्रतीक ने बताया कि अवैध शराब की खरीदी-बिक्री और ट्रांसपोर्ट पर कार्रवाई के लिए लसूड़िया थाना प्रभारी तारेश सोनी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी। शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने इंदौर बायपास पर होटल एटीपीएम के सामने घेराबंदी कर ट्रक और आयशर को रोका।
जांच के दौरान दोनों गाड़ियों में बोल्ट सुपर स्ट्रांग बीयर भरी मिली। ट्रक चालक ने अपना नाम काशीराम (38) पिता माल सिंह डाबर निवासी श्रीनाथ कॉलोनी पीथमपुर जिला धार बताया, जबकि आयशर चालक ने अपना नाम शेख अजगर (50) पिता अशरफ निवासी ग्राम झोकर थाना मक्सी जिला शाजापुर बताया। जब दोनों से बीयर के ट्रांसपोर्ट से संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो दोनों ने अलग-अलग होकर एक जैसा परमिट दिखाया। एक ही परमिट पर दो वाहनों से शराब ले जाने को लेकर वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि एक वाहन को खराब बताकर दूसरे वाहन में माल लोड किया गया था, लेकिन पुलिस ने दोनों ही गाड़ियों को जब्त कर लिया। यह शराब शाजापुर जिले के मक्सी के पास स्थित वेयरहाउस से धार की ओर ले जाई जा रही थी। नेमावर रोड स्थित वेयरहाउस से बनी बिल्टी की भी तस्दीक की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं तथा पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
Tags
madhya pradesh
