दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भिंड। नेशनल हाईवे-552 के एक्सटेंशन बाईपास निर्माण कार्य से जुड़ी उप निर्माण एजेंसी अवनटेक्स इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों ने शनिवार को वेतन भुगतान न होने पर काम बंद कर दिया। धराई गांव के पास स्थित प्रोजेक्ट कार्यालय पर करीब 200 से अधिक मजदूर और कर्मचारी एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले चार माह से वेतन नहीं मिला है और प्रबंधन त्योहारों का हवाला देकर लगातार टालमटोल कर रहा है।
21 किलोमीटर की परियोजना, 148.9 करोड़ की लागत
जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे-552 पर टोंक (राजस्थान) से चिरगांव (उत्तर प्रदेश) तक एक्सटेंशन बाईपास का निर्माण कार्य चल रहा है। करीब 21 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर लगभग 148.9 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। इसमें 300 से 400 कुशल व अकुशल मजदूर कार्यरत हैं।
नवंबर से नहीं मिला नियमित वेतन
मजदूरों का कहना है कि नवंबर माह से नियमित वेतन भुगतान नहीं हुआ है। बार-बार प्रोजेक्ट कार्यालय जाने के बावजूद उन्हें सिर्फ नई तारीख दी जाती रही। वेतन न मिलने से परिवार के भरण-पोषण की समस्या खड़ी हो गई है। होली नजदीक होने के कारण कर्मचारियों ने एकमुश्त भुगतान की मांग तेज कर दी, लेकिन कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर उन्होंने हड़ताल शुरू कर दी।
मशीनें रुकीं, निर्माण कार्य ठप
शनिवार सुबह धराई गांव स्थित कार्यालय पर सभी मजदूर पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए काम बंद कर दिया। न मशीनें चलीं और न निर्माण कार्य आगे बढ़ सका। मजदूरों का आरोप है कि जो कर्मचारी काम पर नहीं पहुंचे, उन्हें जबरन अवकाश पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई, ताकि वेतन भुगतान से बचा जा सके।
कंपनी के जीएम आर.के. ठाकुर ने फोन पर बताया कि वे फिलहाल ग्वालियर में हैं और कर्मचारियों की नाराजगी की जानकारी मिली है। मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान किया जाएगा।
वहीं प्रोजेक्ट मैनेजर अनुज मिश्रा ने स्वीकार किया कि इस माह का वेतन कर्मचारियों को नहीं मिल सका है। उन्होंने कहा कि उच्च स्तर पर बातचीत चल रही है और भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी।
पहले भी विवादों में रही एजेंसी
इस परियोजना का मूल ठेका आगरा की एसकेएस इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया था, जबकि वर्तमान में अवनटेक्स इंफ्रा उप एजेंसी के रूप में कार्य कर रही है।
2 दिसंबर को ग्रामीणों ने सर्विस रोड निर्माण की मांग को लेकर काम रुकवा दिया था। वहीं 20 जनवरी को धराई गांव के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज का गर्डर गिरने की घटना भी सामने आई थी, जिससे गुणवत्ता पर सवाल उठे थे।
प्रशासन की नजर, समयसीमा पर असर की आशंका
मजदूरों की हड़ताल से निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। यदि जल्द वेतन भुगतान का समाधान नहीं निकला तो परियोजना की समयसीमा प्रभावित हो सकती है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।
Tags
madhya pradesh
