दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिलेभर में अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जुआ-सट्टा खिलाने वालों, अवैध मादक पदार्थ, अवैध हथियार, अवैध शराब के कारोबार में लिप्त आरोपियों तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने वालों को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही चोरी, नकबजनी, मारपीट एवं अन्य अपराधों से संबंधित मामलों तथा थानों में लंबित वारंटों की तामीली पर भी विशेष जोर दिया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चला अभियान
पुलिस अधीक्षक के आदेश के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षकों द्वारा अपने-अपने अनुभागों में थाना प्रभारियों से कार्रवाई कराई जा रही है।
इसके साथ ही समय-समय पर चेकिंग प्वाइंट लगाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर वैधानिक कार्रवाई तथा अतिक्रमण कर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध 34 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
आदतन अपराधियों पर शिकंजा
पिछले 24 घंटों में आदतन अपराध करने वाले 52 आरोपियों के विरुद्ध धारा 129 बी.एन.एस.एस. (110 जा.फौ.) के तहत कार्रवाई की गई। वहीं वाद-विवाद करने वाले 166 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 126/135(3) बी.एन.एस.एस. (107/116 जा.फौ.) तथा 31 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170 बी.एन.एस.एस. (151 जा.फौ.) के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
वर्षों से फरार आरोपी गिरफ्तार
अभियान के दौरान पिछले कई वर्षों से फरार 2 गैर-म्यादी एवं 30 म्यादी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 85 जमानती वारंटों की तामीली कराई गई।
अवैध शराब और हथियारों पर कार्रवाई
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने वालों एवं अवैध शराब के कारोबार में लिप्त 38 व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान 173 पाव देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा 55 लीटर कच्ची शराब जप्त की गई। इसी प्रकार आर्म्स एक्ट के तहत 5 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 5 चाकू जप्त किए गए।
जुआ-सट्टा पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पुलिस ने 3 जुआड़ियों को जुआ खेलते हुए तथा 7 सटोरियों को सट्टा लिखते हुए रंगे हाथों पकड़ा। जुआड़ियों एवं सटोरियों के कब्जे से कुल 3,820 रुपये नगद जप्त किए गए।
यातायात नियम तोड़ने वालों से वसूला जुर्माना
मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 141 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 64 हजार 800 रुपये समन शुल्क वसूला गया।
Tags
jabalpur

.jpeg)

.jpeg)