Jabalpur News: थाना घमापुर क्षेत्र में घर के अंदर फेंका गया बम

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में बीती रात एक मकान के भीतर देसी बम फेंके जाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार देर रात श्रीमती अंजू राजपूत (35) निवासी सरकारी कुआं ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती रात करीब 11:45 बजे वह अपने परिवार के साथ घर के अंदर सो रही थीं। तभी अचानक मकान के भीतर जोरदार धमाके की आवाज आई। 

उठकर देखा तो बम फटने से दरवाजे पर लगा पर्दा जल गया और फोटो फ्रेम टूट गया। शिकायतकर्ता के अनुसार वह परिवार के साथ बाहर निकलीं तो देखा कि अनुज गुप्ता उर्फ मेवा ने एक और बम उनकी जेठानी के मकान की ओर फेंका। मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के विरुद्ध धारा 296(ए), 351(2), 324(4) बीएनएस तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3 एवं 5 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। घटना स्थल से साक्ष्य एकत्र कर आरोपी की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post