Jabalpur News: गोल बाजार क्षेत्र में बुजुर्ग को घेरकर पीटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में 67 वर्षीय राजाराम विश्वकर्मा पर सरेराह लाठी और रॉड से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य अब भी फरार हैं। घटना 18 फरवरी की शाम गोल बाजार क्षेत्र की है। मामले की जांच लार्डगंज थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस के अनुसार राजाराम विश्वकर्मा निजी अस्पताल में कारपेंटर का कार्य करते हैं। आरोपियों ने ठेला बनवाने का आर्डर देने के बहाने उन्हें गोल बाजार बुलाया। जैसे ही वे अस्पताल से बाहर पहुंचे, चार युवकों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उनके दोनों पैर, हाथ और गले में फ्रैक्चर हुआ है। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जांच में सामने आया कि कुछ दिन पहले राजाराम के बेटे संदीप विश्वकर्मा का पड़ोसी शुभम जायसवाल से विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि आरोपी सड़क पर शराब पीकर शोर-शराबा कर रहे थे, जिस पर संदीप ने आपत्ति जताई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने पिता पर हमला कर बदला लेने की साजिश रची।

सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि हमले में शामिल विकास उर्फ विक्की तिवारी और शनि रजक चेरीताल क्षेत्र में घूम रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश में दोनों को चोटें भी आईं। मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल और महेंद्र पटेल अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ प्राणघातक हमला सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post