MP News: गेट खोलते ही सीमेंट कारोबारी को मारी गोली, पसलियों में फंसी बुलेट; रिटायर्ड फौजी हिरासत में

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में बुधवार सुबह एक रिटायर्ड फौजी ने सीमेंट कारोबारी को घर का गेट खोलते ही गोली मार दी। गोली कारोबारी की पसलियों को चीरते हुए पेट में जाकर फंस गई। गंभीर रूप से घायल व्यापारी को पहले ग्वालियर सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर दिल्ली रेफर किया गया है। फिलहाल वह आईसीयू में भर्ती है। घटना स्टेशन रोड थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, टीचर कॉलोनी रामनगर निवासी कृष्णकांत शुक्ला बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे अपने घर पर थे। तभी आरोपी ने घर का दरवाजा खटखटाया और उन्हें नाम लेकर पुकारा। जैसे ही कृष्णकांत ने गेट खोला, आरोपी ने पिस्टल से उन पर फायर कर दिया। गोली लगते ही वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

घायल के भाई दीपू शुक्ला ने बताया कि सिरमिती गांव निवासी हरेंद्र शुक्ला पुत्र रामनिवास शुक्ला से उनकी पुरानी दुश्मनी चली आ रही है। उनका आरोप है कि हरेंद्र, जो रिटायर्ड फौजी है, ने ही पिस्टल से गोली चलाई। वहीं, घायल की पत्नी रजनी शुक्ला ने कहा कि उनके पति गांव में सीमेंट की दुकान चलाते हैं और रोजाना मुरैना से गांव जाते हैं। उन्होंने कहा कि हमलावर को सामने आने पर पहचान सकती हैं।

घायल के चाचा शिवचरण शुक्ला के अनुसार दोनों परिवारों के बीच दो पीढ़ियों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 15 बीघा जमीन पर कब्जे को लेकर रंजिश थी। गोली चलने के बाद आरोपी से हाथापाई भी हुई और वह मौके से भाग गया। उनका कहना है कि अगर और गोलियां चलतीं तो जान जा सकती थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक खाली खोखा बरामद किया। स्टेशन रोड थाना प्रभारी कुलदीप राजपूत ने बताया कि मामले में हरेंद्र शुक्ला का नाम सामने आया है। एडिशनल एसपी सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी रिटायर्ड फौजी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस जमीन विवाद समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post