MP News: तेज रफ्तार कार की टक्कर से कर्मचारी की मौत, ड्राइवर गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) रायसेन। जिले में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बुधवार तड़के करीब 5 बजे सतलापुर थाना क्षेत्र में शिव मल्टीकेयर हॉस्पिटल के सामने हुआ। कर्मचारी सड़क पर पैदल जा रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद कार चालक ने वाहन रिवर्स किया, जिससे कर्मचारी पिछले पहिये के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान कृष्ण पाल के रूप में हुई है, जो HEG कंपनी में कार्यरत थे और बुधवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे थे। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी मंडीदीप का निवासी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

औबेदुल्लागंज एसडीओपी शीला सुराणा के अनुसार आरोपी चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post