कचरा फेंकने के विवाद में मारपीट, बुजुर्ग की मौत: सागर के धर्माश्री इलाके में पड़ोसियों के बीच हुआ खूनी झगड़ा

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र स्थित धर्माश्री इलाके में कचरा फेंकने और नाली को लेकर शुरू हुआ विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया। मंगलवार रात पड़ोस में रहने वाले दो परिवारों के बीच कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान लाठी-डंडे और लात-घूंसे चले, जिसमें 60 वर्षीय पुरुषोत्तम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, धर्माश्री रोड निवासी पुरुषोत्तम यादव और उनके पड़ोस में रहने वाले नरेंद्र यादव और सुरेंद्र यादव के परिवारों के बीच घर के सामने नाली और कचरा फेंकने की बात को लेकर विवाद हुआ था। पहले दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई, जिसके बाद विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान पुरुषोत्तम यादव के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और विवाद को शांत कराया, लेकिन तब तक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बुधवार को अस्पताल में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।

मृतक के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर अपना आक्रोश भी जताया। मामले को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि पड़ोसियों के बीच कचरा फेंकने और नाली को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट के दौरान 60 वर्षीय व्यक्ति घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे और उसी आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post