Jabalpur News: एकतरफा प्यार में सनकी युवक ने युवती और बचाने आए पड़ोसी को मारा चाकू

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर जिले के पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम कंदराखेड़ा में एक सनकी युवक ने एकतरफा प्यार में युवती पर चाकू से हमला कर दिया। युवती को बचाने आए पड़ोसी युवक पर भी आरोपी ने चाकू से वार कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी का नाम सूर्या ठाकुर है, जो गांव की ही एक 20 वर्षीय युवती से एकतरफा प्रेम करता था। शुक्रवार को युवती खेत पर काम करने जा रही थी, तभी रास्ते में सूर्या ठाकुर ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे युवती के दोनों हाथों में गंभीर चोट आई।

युवती की चीख-पुकार सुनकर पास में रहने वाला युवक विशाल कोल मौके पर पहुंचा और उसे बचाने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने विशाल पर भी चाकू से हमला कर दिया और मौके से भागने की कोशिश की।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग एकत्र हो गए। युवती और विशाल से पूरी घटना सुनने के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को घेरकर पकड़ लिया और पनागर थाना पुलिस को सौंप दिया। घायल युवती और विशाल परिजनों के साथ थाने पहुंचे, जहां दोनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।

पहले भी कर चुका था छेड़छाड़

युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी इससे पहले भी कई बार उसके साथ छेड़छाड़ कर चुका है। कुछ दिन पहले उसने इस संबंध में थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन आरोपी फरार हो गया था। इसके बावजूद उसका उत्पीड़न जारी रहा।

पनागर थाने में पदस्थ प्रियंका मेहरा ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दोनों घायलों का इलाज कराया जा रहा है ।

Post a Comment

Previous Post Next Post