दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद मदनमहल पहाड़ी से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। जिला प्रशासन द्वारा होली के त्योहार के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मदनमहल पहाड़ी से अतिक्रमण हटाने के संबंध में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के आदेशों के पालन को लेकर सर्वोच्च न्यायालय ने सख्त रुख अपनाया है। शांति बाई शर्मा एवं अन्य द्वारा दायर याचिका पर 24 फरवरी को सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने राज्य शासन को निर्देश दिया है कि उच्च न्यायालय के आदेश का शीघ्रता से पालन सुनिश्चित किया जाए।
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर न केवल मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय बल्कि सर्वोच्च न्यायालय में भी प्रस्तुत की जाए।
प्रशासन के अनुसार, होली पर्व के बाद मदनमहल पहाड़ी क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए चरणबद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।
Tags
jabalpur
