दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रुपये मांगने और मना करने पर मारपीट व धमकी देने की घटनाएं सामने आई हैं। बेलबाग, अधारताल एवं शहपुरा थाना क्षेत्रों में पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
बेलबाग : 500 रुपये नहीं दिए तो की मारपीट
थाना बेलबाग में विशाल कोरी उम्र 25 वर्ष निवासी तुलसी मोहल्ला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती शाम लगभग 4 बजे वह अपने घर के सामने खड़ा था, तभी पड़ोसी दीपक कोरी वहां आया और शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगने लगा। रुपये देने से मना करने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हाथ-मुक्कों से मारपीट कर कंधे और कमर में चोट पहुंचाई तथा जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
अधारताल : 50 हजार रुपये की मांग, खेत में मारपीट
थाना अधारताल में प्रहलाद रैकवार उम्र 52 वर्ष निवासी अमखेरा ने शिकायत की कि उसकी कृषि भूमि को लेकर न्यायालय में मामला विचाराधीन है और निर्माण कार्य पर स्टे ऑर्डर लगा है। गत दिवस वह अपने पिता कन्हैयालाल रैकवार के साथ खेत देखने गया, जहां निर्माण कार्य चल रहा था। विरोध करने पर कपिल रैकवार, आशीष रैकवार एवं आकाश रैकवार ने 50 हजार रुपये की मांग करते हुए कहा कि पैसे देने पर ही काम बंद करेंगे।
रुपये देने से मना करने पर तीनों ने गाली-गलौज कर हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे नाक में चोट आई और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
शहपुरा : बस परिचालक से शराब के लिए पैसे मांगे
थाना शहपुरा में सतीश मिश्रा उम्र 35 वर्ष निवासी चेरीताल राजीव नगर, जो मेट्रो बस क्रमांक एमपी 20 पीए 1266 में परिचालक है, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती शाम वह बस लेकर शहपुरा आ रहा था। शाम करीब 6:40 बजे सिंघई हार्डवेयर के सामने यात्रियों को उतारते समय धर्मेन्द्र सिंह राजपूत एवं अमित सिंह राजपूत निवासी रमखिरिया आए और उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। पैसे देने से मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज कर मारपीट की, जिससे उसके सीने व गले में अंदरूनी चोट आई तथा जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
तीनों मामलों में संबंधित थाना पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
Tags
jabalpur
