लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस पेश: 118 सांसदों के हस्ताक्षर ,दो बार स्थगन के बाद बजट पर चर्चा शुरू

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। बजट सत्र के 10वें दिन मंगलवार को लोकसभा में भारी हंगामे के बीच विपक्ष ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस पेश कर दिया। इस प्रस्ताव पर 118 सांसदों के हस्ताक्षर हैं। विपक्षी सदस्यों के शोर-शराबे के कारण प्रश्नकाल नहीं हो सका और सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी।

सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी। महज एक मिनट में ही पीठासीन सदस्य पीसी मोहन ने सदन को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। दोपहर 12 बजे सदन दोबारा शुरू हुआ, लेकिन हंगामा जारी रहने के कारण कार्यवाही फिर से 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।

हंगामे के बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी सांसदों से हाथ जोड़कर अपील की कि बजट पर चर्चा होने दी जाए। उन्होंने कहा कि रोजाना हंगामे से सदन का कामकाज बाधित हो रहा है और इससे सभी का नुकसान हो रहा है।

दोपहर 2 बजे सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई। इस दौरान स्पीकर की कुर्सी पर ओम बिरला की जगह केपी तेनेट्टी बैठे। उन्होंने विपक्ष से आग्रह किया कि शशि थरूर आम बजट पर चर्चा की शुरुआत करें। इसके बाद शशि थरूर ने बजट पर अपनी बात रखनी शुरू की।

इससे पहले लोकसभा परिसर के बाहर राहुल गांधी ने पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल नरवणे की किताब को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि या तो जनरल नरवणे झूठ बोल रहे हैं या फिर पब्लिशिंग कंपनी पेंगुइन। राहुल गांधी ने कहा, “मुझे विश्वास है कि जनरल नरवणे झूठ नहीं बोलेंगे।”

पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया की सफाई

पब्लिशिंग कंपनी पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने स्पष्ट किया कि जनरल नरवणे की किताब अब तक प्रकाशित नहीं हुई है और उसके सभी अधिकार कंपनी के पास हैं। कंपनी ने कहा कि न तो किताब की कोई छपी हुई कॉपी और न ही डिजिटल कॉपी सार्वजनिक की गई है। हमारी ओर से किताब का कोई भी हिस्सा जारी नहीं किया गया है।

कंपनी की यह सफाई अनधिकृत कॉपियों के लीक और ऑनलाइन सर्कुलेशन के दावों के बाद सामने आई है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज की है।

उधर, राहुल गांधी किताब लेकर लोकसभा पहुंचे थे। पूरा विपक्ष इस मुद्दे पर अड़ा हुआ है कि उन्हें सदन में अपनी बात रखने का मौका दिया जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post