भारत-पाक मैच के चलते कोलंबो जाने वाली फ्लाइट 5 गुना महंगी, किराया ₹1.45 लाख तक पहुंचा

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले का असर ट्रैवल सेक्टर पर साफ दिखने लगा है। यह मैच श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में खेला जाएगा। मैच देखने जाने वाले फैंस की बढ़ती संख्या के कारण दिल्ली और मुंबई से कोलंबो जाने वाली फ्लाइट्स के किराए में 5 गुना तक बढ़ोतरी हो गई है।

मेकमायट्रिप वेबसाइट के मुताबिक 14 और 15 फरवरी के लिए दिल्ली-मुंबई से कोलंबो की फ्लाइट का किराया एक पैसेंजर के लिए ₹1.45 लाख तक पहुंच गया है, जबकि सामान्य दिनों में यही किराया करीब ₹30 हजार रहता है।

दिल्ली से कोलंबो फ्लाइट के रेट

दिल्ली से कोलंबो पहुंचने में डायरेक्ट फ्लाइट से करीब 4 घंटे लगते हैं। 14 फरवरी को एअर इंडिया की नॉनस्टॉप फ्लाइट का किराया ₹90 हजार से ₹1.09 लाख तक है, जबकि श्रीलंकन एयरलाइंस का किराया ₹65 हजार से ₹1.45 लाख तक दिख रहा है। 15 फरवरी को मैच से पहले एअर इंडिया की फ्लाइट ₹1.09 लाख और श्रीलंकन एयरलाइंस की फ्लाइट ₹66 हजार तक में उपलब्ध है।

मुंबई से कोलंबो फ्लाइट के रेट

मुंबई से कोलंबो की डायरेक्ट फ्लाइट में करीब 3 घंटे लगते हैं। 14 फरवरी को एअर इंडिया की फ्लाइट का किराया ₹90 हजार तक और श्रीलंकन एयरलाइंस का ₹56 हजार तक है। 15 फरवरी को एअर इंडिया की फ्लाइट ₹28 हजार और श्रीलंकन एयरलाइंस की फ्लाइट ₹66 हजार तक दिखाई दे रही है।

होटल के दाम भी आसमान पर

14 और 15 फरवरी के लिए कोलंबो में 3, 4 और 5 स्टार होटल में 2 लोगों के लिए एक रात का किराया ₹1.14 लाख तक पहुंच गया है। आम दिनों में यही किराया करीब ₹40 हजार रहता है। हालांकि, छोटे होटल और गेस्ट हाउस में ₹2,000 से ₹3,000 में भी कमरे उपलब्ध हैं।

श्रीलंका की टूरिज्म इंडस्ट्री को मिलेगा फायदा

श्रीलंका की टूरिज्म इंडस्ट्री इस समय आर्थिक दबाव से गुजर रही है। सेंट्रल बैंक ऑफ श्रीलंका की रिपोर्ट के अनुसार जनवरी 2026 में टूरिज्म से होने वाली कमाई में सालाना आधार पर 5.6% की गिरावट दर्ज की गई है।
जनवरी 2025 में टूरिज्म से 400 मिलियन डॉलर (करीब ₹3,622 करोड़) की कमाई हुई थी, जो जनवरी 2026 में घटकर 378 मिलियन डॉलर (करीब ₹3,423 करोड़) रह गई। ऐसे में भारत-पाकिस्तान मैच से बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है, जिससे श्रीलंका की पर्यटन उद्योग को सहारा मिल सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post