दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के बेलबाग थाना क्षेत्र में किराए को लेकर हुए विवाद में एक महिला ने ऑटो चालक पर चाकू से हमला कर दिया। घटना सरकारी कुआं के पास की है, जहां महिला और उसके पति ने मिलकर ऑटो चालक की पिटाई की और बाद में महिला ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। घायल चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को हिरासत में ले लिया है।
15-15 रुपए में तय हुआ था किराया
मंगलवार दोपहर ऑटो चालक अनुज चौधरी गोपाल होटल, लाल मिट्टी से सवारी छोड़कर शहर की ओर लौट रहा था। झामनदास चौराहे पर एक दंपत्ति ने हाईकोर्ट चलने के लिए ऑटो रोका। पहले 20-20 रुपए की बात हुई, लेकिन बाद में 15-15 रुपए पर सहमति बन गई और चालक ने उन्हें बैठा लिया।
शीतलामाई के पास चालक ने एक और सवारी बैठाई और हनुमानताल तक के लिए 40 रुपए मांगे। इस पर दंपत्ति ने आरोप लगाया कि चालक ज्यादा किराया वसूल रहा है। विवाद बढ़ने पर चालक ने ऑटो रोककर उतरने को कहा, जिससे महिला भड़क गई और उसने चालक के बाल पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। महिला के पति ने भी हमला कर दिया।
बैग से चाकू निकालकर पेट में घोंपा
विवाद के दौरान महिला ने अचानक अपने बैग से चाकू निकाला और चालक अनुज चौधरी के पेट में घोंप दिया। घायल चालक का आरोप है कि महिला के पति ने उसके हाथ पकड़ रखे थे और महिला ने हमला किया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन कुछ ही घंटों में पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही घायल के परिजन बड़ी संख्या में जिला अस्पताल और बाद में थाने पहुंचे। आरोपियों को थाने में देख परिजनों ने मारपीट की कोशिश की, जिसे पुलिस ने मुश्किल से रोका।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि किराए को लेकर हुए विवाद में महिला नंदिनी चौधरी ने बैग में रखे चाकू से ऑटो चालक पर हमला किया। बेलबाग थाना पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
Tags
jabalpur


