ग्वालियर: पति-पत्नी एक-दूसरे के साथी संग फरार, पीड़ित पति-पत्नी एसपी ऑफिस पहुंचे; पुलिस के सामने आया अजीबोगरीब मामला

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। ग्वालियर में रिश्तों को हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दो अलग-अलग परिवारों के पति और पत्नी एक-दूसरे के जीवनसाथी के साथ रहने चले गए। पीड़ित पति और पत्नी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान दो आवेदन प्राप्त हुए। पहला आवेदन कल्याण सिंह का था, जिसमें बताया गया कि उनकी पत्नी किरण राजू केवट के साथ रह रही है। दूसरा आवेदन भारती सिहोते का था, जिसमें लिखा गया कि उनके पति राजू केवट उन्हें छोड़कर किरण नामक महिला के साथ रह रहे हैं। यह वही किरण है जो कल्याण सिंह की पत्नी है।

कल्याण सिंह ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2015 में किरण से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। कुछ समय से किरण का व्यवहार बदला हुआ था। उसने स्पष्ट कह दिया कि वह अब उनके साथ नहीं रहना चाहती और किसी अन्य व्यक्ति से शादी करेगी। बाद में राजू केवट के साथ वह घर का सामान लेकर चली गई। आरोप है कि किरण अपने साथ नाबालिग बेटे को भी ले गई है। राजू ने फोन पर बताया कि उसने किरण से शादी कर ली है, जबकि अब तक कल्याण का उससे कानूनी तलाक नहीं हुआ है, जिससे यह शादी अवैध मानी जा रही है।

वहीं राजू की पत्नी भारती सिहोते ने बताया कि उनका राजू से प्रेम विवाह हुआ था और उनसे एक संतान भी है। कुछ समय से राजू चोरी-छिपे किसी से बात करने लगा था। विरोध करने पर उसने मारपीट और गाली-गलौज की और घर छोड़कर चला गया। जब राजू के नंबर पर फोन किया गया तो किरण ने कॉल रिसीव कर बताया कि उसने राजू से शादी कर ली है।

पीड़िता का आरोप है कि उसने पति की दूसरी शादी की शिकायत कई बार थाने में की, लेकिन यह कहकर लौटा दिया गया कि मामला उनके थाने का नहीं है। अब उसने पुलिस मुख्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि उसका पति दतिया जिले के ग्राम कंजौली में रह रहा है।

इस मामले में सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि दोनों ही मामले घरेलू प्रकृति के हैं। सभी पक्षों को थाने बुलाकर आपसी सहमति से समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post