Jabalpur News: ‘तलाक… तलाक… तलाक’— पति का वॉइस मैसेज सुन पत्नी के उड़े होश

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर में वॉइस मैसेज के जरिए तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। 16 फरवरी को 32 वर्षीय महिला के मोबाइल पर एक वॉइस मैसेज आया। जैसे ही उसने मैसेज सुना, सामने से पति की आवाज आई—“तलाक… तलाक… तलाक।” महिला ने तुरंत पति को फोन कर पूछा तो उसने कहा कि मैसेज में जो कहा गया है, वही सही है।

पीड़िता ने पहले पति और ससुराल पक्ष को मनाने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी तो वह अगले दिन आधारताल थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद पुलिस ने पति सहित सास और ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

2010 में हुआ था निकाह, पहले भी प्रताड़ना के आरोप

पुलिस के अनुसार आधारताल निवासी फरहीन अली का निकाह वर्ष 2010 में हनुमानताल निवासी वाहिद अली से हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति, ससुर नजर अली, सास सुल्ताना बानो और अन्य परिजनों ने उसे घरेलू बातों को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था।

महिला ने यह बात अपने मायके वालों को बताई थी। समाज के लोगों की समझाइश के बाद कुछ समय के लिए विवाद शांत हो गया, लेकिन वह मायके में ही रह रही थी।

वापस बुलाकर फिर भेजा मायके, फिर भेजा तलाक का मैसेज

पीड़िता के अनुसार 16 जनवरी को पति ने उसे फोन कर घर वापस बुलाया, लेकिन कुछ समय बाद फिर मायके भेज दिया। इसके बाद 16 फरवरी को पति ने उसकी बहन के मोबाइल नंबर पर वॉइस मैसेज भेजकर तीन तलाक दे दिया।

महिला की शिकायत पर पुलिस ने जांच की। प्रारंभिक जांच में प्रताड़ना के आरोपों के संकेत मिलने पर आरोपी पति के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकार का संरक्षण) अधिनियम, 2019 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इन्होने कहा

आधारताल थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे ने बताया कि मोबाइल वॉइस मैसेज के जरिए तीन तलाक देने का यह संभवतः पहला मामला है। पुलिस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post