दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर के रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय परिसर में स्थित रानी दुर्गावती की प्रतिमा के सामने एक युवती द्वारा धारदार बका हाथ में लेकर डांस करने का वीडियो सामने आया है। घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, लेकिन महिला पुलिसकर्मी के अभाव में तत्काल कार्रवाई नहीं हो सकी। जब तक महिला आरक्षक मौके पर पहुंची, युवती वहां से गायब हो चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती एक हाथ में बका और दूसरे हाथ में कागज लिए हुए थी। उसने चेहरा ढक रखा था और आंखों पर चश्मा लगा रखा था। वह कभी प्रतिमा के चारों ओर घूमती तो कभी सामने खड़े होकर नृत्य करने लगती।
करीब आधे घंटे तक यह सिलसिला चलता रहा। अंत में युवती ने प्रतिमा के सामने सिर झुकाकर प्रणाम किया और वहीं बैठ गई। इस दौरान किसी कर्मचारी या छात्र ने उसके पास जाने की हिम्मत नहीं की।
विश्वविद्यालय कर्मचारियों ने पहले समझा कि युवती किसी कार्य से आई है, लेकिन जब उसने प्रतिमा के सामने नृत्य करना शुरू किया और धारदार हथियार निकाल लिया तो स्थिति गंभीर हो गई। तुरंत डायल-112 और सिविल लाइन थाने को सूचना दी गई।
पुलिसकर्मियों ने उससे बात करने की कोशिश की, पर सफलता नहीं मिली। महिला पुलिसकर्मी को थाने से बुलाया गया, लेकिन तब तक युवती वहां से चली गई थी। आसपास काफी तलाश की गई, मगर उसका कोई पता नहीं चला।
विश्वविद्यालय कर्मचारियों के मुताबिक, युवती डिंडौरी की रहने वाली बताई जा रही है। वह राहुल नामक एक छात्र की शिकायत लेकर विश्वविद्यालय पहुंची थी और उसकी डिग्री निरस्त करने की मांग कर रही थी। कर्मचारियों का कहना है कि बातचीत के दौरान युवती मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत हो रही थी।
सिविल लाइन थाना प्रभारी अनूप नामदेव के अनुसार, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही युवती वहां से जा चुकी थी। हालांकि घटना का वीडियो सामने आया है और उसके आधार पर युवती की पहचान और लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
