Jabalpur News: पिस्टल व 170 कारतूस सहित दो गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
क्राइम ब्रांच एवं थाना गोसलपुर की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को एक पिस्टल और 170 जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक कार भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि कटनी की ओर से आ रही सफेद रंग की होंडा सेंट्रो कार (क्रमांक एमपी 20 सी के 6302) में सवार दो युवक भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर मोहतरा टोल प्लाजा पर घेराबंदी कर वाहन को रोका गया।

वाहन में बैठे युवकों ने पूछताछ में अपने नाम दरोगा उर्फ विशाल पाण्डे (25 वर्ष) निवासी पटेल नगर महाराजपुर थाना अधारताल तथा आदर्श बेन (22 वर्ष) निवासी टी.आई. बंगला के पास सुहागी थाना अधारताल बताए। तलाशी लेने पर विशाल पाण्डे की कमर से एक देशी पिस्टल बरामद हुई, जबकि कार के डैशबोर्ड से 160 नग .32 बोर के जिंदा कारतूस और आदर्श बेन के पास से 10 नग .315 बोर के जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह कारतूस उत्तर प्रदेश के अतर्रा, बांदा से भोला मामा नामक व्यक्ति से 80 हजार रुपये में खरीदकर लाए थे। इसमें 72 हजार रुपये के कारतूस विशाल पाण्डे ने और 8 हजार रुपये के .315 बोर कारतूस आदर्श बेन ने खरीदे थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 तथा संगठित अपराध पाए जाने पर धारा 111 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त सामग्री में एक पिस्टल, 170 जिंदा कारतूस और संबंधित कार शामिल है।

पुलिस के अनुसार आरोपी विशाल पाण्डे उर्फ दरोगा आपराधिक प्रवृत्ति का है, जिसके विरुद्ध अधारताल, पनागर, कुण्डम और माढ़ोताल थानों में एक दर्जन से अधिक अपराध दर्ज हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post