MP News: ग्वालियर के कांग्रेस नेता को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार, AI समिट के दौरान विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। दिल्ली में आयोजित AI समिट 2026 के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने ग्वालियर से युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव जितेंद्र यादव को हिरासत में लिया है। उन पर 20 फरवरी को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अर्धनग्न प्रदर्शन में शामिल होने का आरोप है।

वीडियो के आधार पर कार्रवाई

बताया जा रहा है कि AI समिट 2026 के दौरान युवक कांग्रेस के 15-20 कार्यकर्ता सफेद टी-शर्ट लेकर मंच पर पहुंच गए थे। टी-शर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीरें लगी थीं और उस पर “PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड” लिखा था। प्रदर्शन के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने पहचान कर कार्रवाई शुरू की।

रात में घर से ले जाने का आरोप

जितेंद्र यादव के पिता केशव यादव ने आरोप लगाया कि शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे कुछ लोग उनके घर में दाखिल हुए। कुछ लोग वर्दी में थे और कुछ सादे कपड़ों में। उन्होंने खुद को यूनिवर्सिटी थाने और क्राइम ब्रांच का स्टाफ बताया।

परिजनों का कहना है कि पुलिसकर्मी जितेंद्र को कमरे से नीचे लाए और थप्पड़ मारते हुए दिल्ली नंबर की गाड़ी में बैठाकर ले गए। परिवार का आरोप है कि उन्हें यह नहीं बताया गया कि जितेंद्र को कहां ले जाया गया है।

परिवार को नहीं दी गई स्पष्ट जानकारी

पिता के अनुसार, रात में थाने पहुंचने पर उन्हें बेटे से मिलने नहीं दिया गया, केवल मोबाइल पर बात कराई गई। रविवार सुबह कुछ पुलिसकर्मी फिर घर पहुंचे, मोबाइल जब्त किए और बाद में लौटाकर कपड़े मांगकर चले गए।

परिवार का कहना है कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि जितेंद्र यादव को किस स्थान पर रखा गया है।

कांग्रेस का आरोप—परिवार को किया गया प्रताड़ित

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि पुलिस ने अनाधिकृत रूप से घर में प्रवेश किया और परिवार को प्रताड़ित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है और स्थानीय प्रशासन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा है।

फिलहाल, मामले में दिल्ली पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है।

Post a Comment

Previous Post Next Post