दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक शादी उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब दूल्हा अपनी दुल्हन को लेने हेलीकॉप्टर से पहुंचा। सांची में हुई इस शाही विदाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। बताया जा रहा है कि सांची के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी नवविवाहित जोड़े की विदाई हेलीकॉप्टर से हुई।
तीन दिन चला भव्य समारोह
गैरतगंज निवासी बोरवेल कारोबारी और समाजसेवी संतोष राय के छोटे बेटे अनुज राय का विवाह गुना जिले की सुभशा के साथ सांची के एक आलीशान होटल में संपन्न हुआ।
तीन दिनों तक चले इस समारोह में हल्दी, मेहंदी, संगीत और वरमाला जैसे पारंपरिक कार्यक्रम भव्य अंदाज में आयोजित किए गए। शादी में पारंपरिक रस्मों के साथ आधुनिक व्यवस्थाओं का भी खास ध्यान रखा गया।
आमखेड़ा हेलीपैड से हुई विदाई
रविवार को विदाई के समय सांची के पास आमखेड़ा हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर तैयार खड़ा था। जैसे ही दूल्हा-दुल्हन हेलीकॉप्टर की ओर बढ़े, सैकड़ों लोगों ने इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सांची थाना पुलिस बल भी तैनात रहा।
40 लाख खर्च का अनुमान
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस शाही विवाह समारोह में लगभग 40 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। अकेले हेलीकॉप्टर का किराया करीब 8 लाख रुपये बताया जा रहा है।
जब हेलीकॉप्टर गैरतगंज पहुंचा तो वहां भी बड़ी संख्या में लोग इसे देखने के लिए एकत्रित हो गए। यह गैरतगंज के इतिहास में भी पहला मौका बताया जा रहा है जब किसी दूल्हा-दुल्हन ने हेलीकॉप्टर से आगमन किया।
यह अनोखी विदाई पूरे रायसेन जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।
Tags
madhya pradesh
