दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब नहीं खेला जाएगा। पाकिस्तान सरकार ने रविवार शाम आधिकारिक तौर पर भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने की घोषणा कर दी। दोनों टीमें 15 फरवरी 2026 को श्रीलंका के कोलंबो में आमने-सामने आने वाली थीं, लेकिन अब पाकिस्तान की टीम इस मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी। हालांकि, अगर नॉकआउट चरण में भारत का सामना पाकिस्तान से होता है तो उस स्थिति पर अभी कोई स्पष्ट फैसला नहीं लिया गया है।
पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि उसकी टीम टी-20 वर्ल्ड कप में हिस्सा तो लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ कोई मैच नहीं खेलेगी। यह फैसला इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) द्वारा बांग्लादेश को टूर्नामेंट से हटाकर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने के विरोध में लिया गया है। पाकिस्तान का कहना है कि उसने यह कदम बांग्लादेश के समर्थन में उठाया है।
इस फैसले से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने 26 जनवरी को प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से मुलाकात की थी। इस बैठक में वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की भागीदारी और भारत के खिलाफ मैच को लेकर चर्चा हुई थी। नकवी ने तब कहा था कि सरकार के फैसले के बाद ही अंतिम रुख साफ किया जाएगा, और अब सरकार ने भारत के खिलाफ मैच के बॉयकॉट का निर्णय ले लिया है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सूत्रों ने साफ किया है कि भारतीय टीम तय कार्यक्रम के अनुसार ही श्रीलंका जाएगी और ICC के सभी नियमों का पालन करेगी। टीम इंडिया 15 फरवरी को श्रीलंका पहुंचेगी। मैच को लेकर अंतिम फैसला मैदान पर मौजूद मैच रेफरी द्वारा लिया जाएगा।
भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीमें ग्रुप-A में हैं। बॉयकॉट के चलते पाकिस्तान और भारत अब ग्रुप स्टेज में तीन-तीन मैच ही खेलेंगे। पाकिस्तान नीदरलैंड, अमेरिका और नामीबिया से भिड़ेगा, जबकि भारत अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड के खिलाफ खेलेगा। भारत-पाकिस्तान मैच न होने का सीधा फायदा भारत को मिलेगा, क्योंकि ICC के नियमों के अनुसार इस मुकाबले के दो अंक भारत को मिल जाएंगे। इससे भारत का सुपर-8 में पहुंचना आसान हो जाएगा, जबकि पाकिस्तान का रन रेट भी खराब हो सकता है।
ICC की प्लेइंग कंडीशंस के मुताबिक बॉयकॉट की स्थिति में पाकिस्तान को 20 ओवर में 0 रन माना जाएगा, जबकि भारत का कोई ओवर नहीं गिना जाएगा। इससे पाकिस्तान का नेट रन रेट निगेटिव में भी जा सकता है, हालांकि वह बाकी मैच जीतकर सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीद बनाए रख सकता है।
भारत-पाकिस्तान मुकाबला वर्ल्ड कप का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मैच माना जाता है। कई बार इसकी व्यूअरशिप फाइनल से भी ज्यादा रहती है। इस मैच के न होने से सबसे ज्यादा नुकसान ब्रॉडकास्टर्स को होगा, क्योंकि विज्ञापन स्लॉट पहले ही बेचे जा चुके हैं। माना जाता है कि एक भारत-पाकिस्तान मैच से होने वाली कमाई पूरे टूर्नामेंट की कुल कमाई का करीब 8 से 10 प्रतिशत तक होती है।
इतिहास की बात करें तो टी-20 और वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड कमजोर रहा है। टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मैच हुए हैं, जिनमें भारत ने 7 और पाकिस्तान ने सिर्फ 1 मैच जीता है। वनडे वर्ल्ड कप में दोनों के बीच खेले गए सभी 8 मुकाबले भारत ने अपने नाम किए हैं। आखिरी टी-20 वर्ल्ड कप मुकाबला 2024 में हुआ था, जिसमें भारत ने पाकिस्तान को 5 रन से हराया था।
पाकिस्तान ने 27 जनवरी को टी-20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम का ऐलान भी कर दिया है, जिसकी कप्तानी सलमान अली आगा करेंगे। PCB चीफ मोहसिन नकवी इससे पहले ICC के फैसले के विरोध में वर्ल्ड कप से हटने की धमकी भी दे चुके थे, लेकिन ICC की चेतावनी के बाद पाकिस्तान ने टूर्नामेंट खेलने का फैसला किया, हालांकि भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार बरकरार रखा गया।
पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब बांग्लादेश ने भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा कारणों का हवाला दिया और इसके बाद ICC ने उसे टूर्नामेंट से हटा दिया। इसी फैसले के विरोध में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच न खेलने का कदम उठाया, जिसका असर अब सीधे वर्ल्ड कप के सबसे बड़े मुकाबले पर पड़ता दिख रहा है।
Tags
national
