दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना रांझी क्षेत्र में हुई अंधी हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामूली सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने क्रेटा कार चालक की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जबकि कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
एक्सीडेंट से शुरू हुआ विवाद, हत्या में बदला
दिनांक 8 फरवरी 2026 की रात लगभग 11:30 बजे थाना रांझी पुलिस को सूचना मिली कि एक घायल व्यक्ति को सिविल अस्पताल रांझी लाया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल व्यक्ति एकांश साहू (34 वर्ष), निवासी सब्जी मंडी अधारताल हैं, जिन्हें अज्ञात व्यक्तियों ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शी समीर यादव (38 वर्ष), निवासी यादव मोहल्ला गोकलपुर, ने पुलिस को बताया कि उन्हें मोहित नामक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि लक्ष्मी मंदिर मेन रोड गोकलपुर के पास एकांश साहू की कार का एक्सीडेंट हो गया है। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल ने एकांश की क्रेटा कार को टक्कर मार दी थी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। स्थानीय लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया और दोनों पक्ष इलाज कराने की बात कहकर वहां से चले गए।
आरोपियों ने साथियों को बुलाकर किया हमला
कुछ देर बाद मोटरसाइकिल सवार युवकों ने अपने अन्य साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। सभी ने मिलकर एकांश साहू के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान दो आरोपियों ने चाकू से एकांश साहू के सीने और पेट पर कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद सभी आरोपी मोटरसाइकिलों से मौके से फरार हो गए। घायल एकांश साहू को उनके साथी तुरंत सिविल अस्पताल रांझी लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना रांझी में अपराध क्रमांक 103/26 के तहत धारा 103 एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीष कुमार साहू के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और थाना रांझी की संयुक्त टीम गठित की गई।
सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से मिली सफलता
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। घटनास्थल पर मिली काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक एमपी 20 केएम 0511) के रजिस्ट्रर्ड मालिक संजय सिंह ठाकुर से पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि यह मोटरसाइकिल उन्होंने शिवम बाजपेयी को बेच दी थी। विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने विजय नगर स्थित जीरो डिग्री क्षेत्र में दबिश देकर शिवम बाजपेयी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों में शिवम बाजपेई (29 वर्ष) – निवासी निवाड़गंज पाण्डेय चौक थाना कोतवाली, सुधीर चौधरी (31 वर्ष) निवासी सुशीला परिसर अमखेरा थाना गोहलपुर, सुमित चौधरी (26 वर्ष) – निवासी कांचघर थाना घमापुर और अंकित चौरसिया (31 वर्ष) – निवासी नन्हे जैन मंदिर के पास थाना हनुमानताल शामिल है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि एक्सीडेंट के बाद विवाद होने पर उन्होंने अपने अन्य साथियों कमलेश महोबिया, जय बेन, छोटू ठाकुर और एक अन्य व्यक्ति को बुलाया। सभी ने मिलकर एकांश साहू के साथ मारपीट की और दो आरोपियों ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी।
घटना में प्रयुक्त सामान जब्त
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और आपसी बातचीत में इस्तेमाल किए गए चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
अन्य आरोपी अभी फरार, तलाश जारी
पुलिस के अनुसार इस मामले में शामिल अन्य आरोपी कमलेश महोबिया, जय बेन, छोटू ठाकुर और एक अन्य व्यक्ति अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस अंधी हत्या के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी रांझी उमेश कुमार गोल्हानी, उप निरीक्षक मयंक यादव, सहायक उप निरीक्षक मनीष जाटव, सुभाष बागरी, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम, चन्द्रभान, आरक्षक मनीष, अभिषेक मिश्रा तथा क्राइम ब्रांच के सहायक उप निरीक्षक संतोष पाण्डेय, कैलाश मिश्रा, प्रधान आरक्षक आनंद तिवारी, वीरेन्द्र चंदेल, आरक्षक आशुतोष बघेल और सतेन्द्र बिसेन की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur
