दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में हुई 60 लाख रुपए की सनसनीखेज चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने चौंकाने वाला तथ्य सामने रखा है। चोरी की साजिश किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि दंपती के अपने भतीजे ने रची थी। हालांकि वारदात के बाद उसके साथी नकदी और जेवर लेकर फरार हो गए और उसे हिस्सा भी नहीं दिया।
पुलिस ने बताया कि दंपती का भतीजा रोहित उर्फ गोलू इस चोरी का मास्टरमाइंड है। उसने अपने दोस्तों लक्की बोरासी और सुधांशु प्रजापत के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी। चोरी के बाद लक्की, सुधांशु और उनका एक अन्य साथी सारा माल लेकर फरार हो गए, जबकि गोलू खाली हाथ रह गया।
सीसीटीवी फुटेज में दो आरोपी घर में घुसते नजर आए, जबकि गोलू बाहर निगरानी करता दिखा। पुलिस ने फुटेज और कॉल डिटेल के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में सामने आया कि चोरी से पहले और बाद में तीनों लगातार मोबाइल पर संपर्क में थे और वारदात से पहले देर रात एक-दूसरे को बाहर बुलाया गया था।
पूछताछ में गोलू ने बताया कि उसने अपने चाचा विनोद यादव के प्लॉट बिकने की जानकारी दोस्तों को दी थी। रामनगर क्षेत्र में स्थित प्लॉट बेचने से विनोद यादव को 35 लाख रुपए नकद मिले थे, जिसे वे नई संपत्ति खरीदने के लिए घर में रखे हुए थे। इसी रकम और करीब 25 लाख रुपए के सोने पर आरोपियों की नजर थी।
चोरी 6-7 फरवरी की रात बाणेश्वरी कुंड के पीछे स्थित मकान में हुई। उस समय मकान मालिक विनोद यादव और उनकी पत्नी वैष्णो देवी दर्शन के लिए बाहर गए हुए थे। 9 फरवरी को लौटने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
गोलू ने शुरुआत में अपने साथियों के राजस्थान भागने की जानकारी दी थी। पुलिस की एक टीम वहां भेजी गई, लेकिन अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका है और न ही चोरी का माल बरामद हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
Tags
madhya pradesh
