दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर में बुधवार सुबह नर्मदा नदी के गौरीघाट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब घाट किनारे एक मगरमच्छ मृत अवस्था में मिला। करीब तीन से चार फुट लंबे इस मगरमच्छ के शव को देखकर प्रथम दृष्टया करंट लगाकर शिकार किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए वेटरनरी कॉलेज स्थित फोरेंसिक सेंटर भेज दिया। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
गौरीघाट क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को नि:शुल्क कोचिंग देने वाले पराग दिवान ने बताया कि बुधवार सुबह घाट किनारे मगरमच्छ का शव देखा गया। शव की स्थिति को देखकर करंट लगाकर मारे जाने की आशंका व्यक्त की गई, जिसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।
जबलपुर रेंज से पहुंची वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को सुरक्षित पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, गौरीघाट में इस तरह की यह संभवतः पहली घटना है।
नर्मदा नदी में मगरमच्छ के शिकार की खबर से लोगों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं। मान्यता है कि मगरमच्छ को मां नर्मदा का वाहन माना जाता है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Tags
jabalpur
