दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में एक बार फिर चलती ट्रेन में यात्री पर हमले का मामला सामने आया है। रविवार रात जबलपुर रेलवे स्टेशन के पास एक वेंडर ने खाने का सामान नहीं खरीदने पर यात्री पर चाकू से हमला कर दिया। घायल यात्री को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी वेंडर की तलाश जारी है।
जनरल कोच में हुई वारदात
घटना गाड़ी संख्या 11401 पुणे–सुपौल एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में हुई। हाजीपुर निवासी 29 वर्षीय राहुल सिंह राजपूत ट्रेन में सफर कर रहे थे। ट्रेन शहपुरा-भिटौनी स्टेशन के बीच पहुंची ही थी कि एक वेंडर डिब्बे में खाद्य सामग्री बेचने आया।
बताया जा रहा है कि राहुल ने खाने का दाम पूछा, लेकिन अधिक कीमत सुनकर सामान लेने से मना कर दिया। इसी बात पर विवाद हो गया और वेंडर ने अपने पास रखे सब्जी काटने वाले चाकू से यात्री के पैर पर हमला कर दिया।
मची अफरा-तफरी
हमले के बाद जनरल कोच में अफरा-तफरी मच गई और यात्री दहशत में आ गए। विवाद के बीच आरोपी वेंडर धक्का-मुक्की करते हुए दूसरे डिब्बे की ओर भाग गया। ट्रेन जब जबलपुर स्टेशन पहुंची तो घायल यात्री ने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई।
जीआरपी ने शुरू की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। Government Railway Police ने आरोपी वेंडर को चिन्हित कर लिया है। जबलपुर जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
पहले भी हो चुके हैं विवाद
जबलपुर रेलवे स्टेशन पर वेंडरों और यात्रियों के बीच विवाद की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इस ताजा मामले के बाद ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
Tags
jabalpur
