Jabalpur News: हीरापुर बंधा भागवत कथा समापन में हंगामा, महिलाओं पर कलश का जल फेंकने और धक्का-मुक्की का वीडियो वायरल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भेड़ाघाट क्षेत्र के हीरापुर बंधा में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का समापन विवादों में घिर गया है। 9 से 15 फरवरी तक चले इस धार्मिक आयोजन के आखिरी दिन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की के दृश्य दिखाई दे रहे हैं।

कलश लेने पहुंचीं महिलाओं पर फेंका गया जल

प्राप्त जानकारी के अनुसार कथा के दौरान कई महिलाएं नर्मदा नदी से जल भरकर सिर पर कलश रखकर आयोजन स्थल तक लाई थीं। समापन के समय जब ये महिलाएं अपने कलश लेने मंच के पास पहुंचीं, तो मंच की ओर से उनके ऊपर कलश का जल फेंका गया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता महिलाओं को पीछे हटाते हुए धक्का-मुक्की करते भी नजर आए। इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में नाराजगी और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने धार्मिक आयोजन में महिलाओं के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। कई लोगों ने आयोजकों की व्यवस्था और जिम्मेदारी पर सवाल उठाए हैं तथा महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है।

कथावाचक उत्तम स्वामी पहले से विवादों में

गौरतलब है कि कथा के कथावाचक उत्तम स्वामी पहले से ही विवादों में घिरे हुए हैं। राजस्थान की एक युवती ने उन पर दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं और 12 फरवरी को दिल्ली पुलिस कमिश्नर को ई-मेल भेजकर सुरक्षा की मांग की थी। इसके बाद से उत्तम स्वामी सार्वजनिक रूप से कथा मंच पर दिखाई नहीं दिए। आयोजन समिति ने उनकी अनुपस्थिति का कारण स्वास्थ्य संबंधी बताया, लेकिन उनके ब्रह्म मुहूर्त में रेंज रोवर से रवाना होने की चर्चाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

आयोजकों की चुप्पी, जवाबदेही पर उठे सवाल

समापन समारोह में हुई अव्यवस्था और वायरल वीडियो के बावजूद आयोजन समिति की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस पूरे घटनाक्रम ने धार्मिक आयोजनों की व्यवस्थाओं, महिलाओं के सम्मान और आयोजकों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post