Jabalpur News: सिहोरा में हालात सामान्य, डर के बीच हुई 5वीं-8वीं की परीक्षा, हर चौराहे पर पुलिस तैनात

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिहोरा में गुरुवार रात मंदिर में आरती के दौरान शुरू हुआ विवाद दो पक्षों के तनाव में बदल गया, जिसका असर शुक्रवार शाम तक बना रहा। पथराव और हंगामे के बाद प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर काबू पाया। शनिवार को जनजीवन धीरे-धीरे सामान्य होने लगा, हालांकि एहतियातन अब भी पुलिस बल तैनात है।

सिहोरा में तनाव के बीच शुक्रवार को कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं आयोजित की गईं। भय के माहौल में छात्र परीक्षा देने पहुंचे। कई बच्चों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ा, जबकि कुछ छात्र देरी से पहुंचे।

छात्रों को उठानी पड़ी परेशानी


शासकीय कन्या शाला और सीएम राइज स्कूल में परीक्षा थी। इन स्कूलों तक पहुंचने का मुख्य मार्ग बस स्टैंड से होकर गुजरता है, जहां उसी समय विवाद और तोड़फोड़ चल रही थी। ऐसे में अभिभावकों ने बच्चों को बाइपास मार्ग से घुमाकर परीक्षा केंद्र पहुंचाया। तनावपूर्ण माहौल के बावजूद अधिकांश विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंचे, यह राहत की बात रही।

485 छात्र रहे अनुपस्थित

शिक्षा विभाग के अनुसार शुक्रवार को 30 परीक्षा केंद्रों पर 6371 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 5886 छात्रों ने परीक्षा दी, जबकि 485 छात्र अनुपस्थित रहे। विषय हिंदी माध्यम के लिए अंग्रेजी तथा अंग्रेजी माध्यम के लिए हिंदी था।

अधिकारी मौके पर डटे रहे


घटना के बाद जबलपुर से डीआईजी अतुल सिंह, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी संपत उपाध्याय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कई लोगों को हिरासत में लिया गया।
इधर, शुक्रवार रात भर एएसपी सूर्यकांत शर्मा टीम के साथ मौके पर डटे रहे और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि कई थानों की पुलिस, सीएसपी और टीआई स्तर के अधिकारी पूरे सिहोरा कस्बे में तैनात हैं। अब हालात पूरी तरह सामान्य हैं। लोग रोजमर्रा के काम के लिए घरों से निकलने लगे हैं और बाजार भी खुलने लगा है।

यह है पूरा मामला


जबलपुर से करीब 40 किमी दूर सिहोरा तहसील में गुरुवार रात दुर्गा मंदिर और मस्जिद के बीच आरती-अजान को लेकर विवाद हुआ। कहासुनी के बाद मामला हिंसक झड़प में बदल गया। पथराव और मारपीट के बाद इलाके में कर्फ्यू जैसे हालात बन गए। प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर करीब 50 लोगों को गिरफ्तार किया।

कैसे शुरू हुआ विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार मंदिर में आरती और मस्जिद में अजान एक ही समय पर हो रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो झड़प में बदल गई। आरोप है कि मस्जिद से 50 से 70 युवकों की भीड़ बाहर आई, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

प्रशासन ने नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post