दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां पति-पत्नी के झगड़े में बीच-बचाव करने गए एक युवक को पड़ोसियों ने सड़क पर पटककर लात-घूंसों से बेरहमी से पीट दिया। मारपीट के दौरान युवक के कपड़े तक फाड़ दिए गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रानीगंज इलाके की घटना
यह मामला झांसी रोड थाना क्षेत्र के रानीगंज इलाके का है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक पास ही रहता था और पति-पत्नी के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचा था। इसी बात से नाराज होकर चार युवकों ने उसे घर से बाहर खींच लिया और सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से पिटाई कर दी।
वीडियो में दिखी बर्बरता
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चार युवक मिलकर पीड़ित को घेर लेते हैं। एक युवक उसे पकड़कर रखता है, जबकि बाकी युवक थप्पड़ और लातों से हमला करते हैं। मारपीट के दौरान युवक को जमीन पर पटक दिया गया और उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए।
अब तक नहीं हुई शिकायत
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल इस मामले में थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों और पीड़ित युवक की पहचान करने में जुट गई है।
पुलिस बोली – शिकायत मिलते ही होगी कार्रवाई
झांसी रोड थाना पुलिस ने बताया कि जैसे ही पीड़ित की ओर से शिकायत प्राप्त होगी, मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में लेकर जांच कर रही है।
Tags
madhya pradesh
