दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के बस स्टैंड पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां अपने मासूम बेटे के साथ बस बदलने का इंतजार कर रहे एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और बैठे-बैठे ही उसकी मौत हो गई। पूरी घटना बस स्टैंड पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
बस बदलने के दौरान बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार मृतक का नाम राकेश डावर (35 वर्ष) था, जो आलीराजपुर का निवासी था। वह अपने 5-6 साल के बेटे के साथ सेंधवा से आलीराजपुर जा रहा था। बड़वानी बस स्टैंड पर बस बदलने के लिए वह खंभे से टिककर बैठा था, तभी अचानक जमीन पर गिर पड़ा।
पहले लोगों को लगा चक्कर आया होगा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राकेश अचानक गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों को पहले लगा कि उन्हें चक्कर आया होगा, लेकिन जब काफी देर तक कोई हरकत नहीं हुई तो यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मासूम बेटा अपने पिता को उठाने की कोशिश करता रहा, लेकिन वह नहीं उठे।
मासूम करता रहा पिता को उठाने की कोशिश
घटना के दौरान बच्चा लगातार अपने पिता को जगाने और उठाने की कोशिश करता रहा। उसे इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि उसके पिता की मौत हो चुकी है। यह दृश्य देखकर बस स्टैंड पर मौजूद लोग भावुक हो गए।
CPR दी गई, फिर भी नहीं बची जान
सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता अजित जैन मौके पर पहुंचे। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। मौजूद जवानों ने तत्काल सीपीआर (CPR) देकर जान बचाने का प्रयास किया। इसके बाद युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों ने बताया – साइलेंट अटैक से मौत
डॉक्टर दिग्विजय सिंह नरगावे के अनुसार प्रारंभिक जांच में युवक की मौत साइलेंट हार्ट अटैक से होना प्रतीत हो रही है। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण सामने आएगा।
शर्ट पर लिखे नाम से हुई पहचान
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान उसकी शर्ट पर लिखे “टाइगर ग्रुप सेंधवा” और हाथ पर गुदे “राकेश” नाम से हुई। सेंधवा मानव सेवा समिति के माध्यम से परिजनों को सूचना दी गई है। मृतक के रिश्तेदार सेंधवा में रहते हैं और उन्हें बड़वानी बुलाया गया है।
Tags
madhya pradesh
