दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। यह धमकी वॉट्सएप पर भेजे गए एक वॉइस नोट के जरिए दी गई, जिसमें आरोपी ने करोड़ों रुपये की फिरौती की मांग की है। धमकी मिलते ही मुंबई पुलिस ने रणवीर सिंह के बांद्रा स्थित आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और आने-जाने वालों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वॉइस नोट में आरोपी ने खुद को गंभीर आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा बताया है और बड़ी रकम नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है। वॉइस सैंपल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। मुंबई पुलिस की साइबर सेल और क्राइम ब्रांच संयुक्त रूप से वॉट्सएप नंबर और वॉइस रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि धमकी देने वाला व्यक्ति किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
यह मामला फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर 31 जनवरी को हुई फायरिंग की घटना के बाद सामने आया है, जिसके चलते पुलिस पहले से ही सतर्क है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि रणवीर सिंह को मिली धमकी का उस फायरिंग केस से कोई संबंध है या यह महज डर फैलाने की साजिश है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि रणवीर सिंह इन दिनों अपनी फिल्म ‘धुरंधर’ की सफलता को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है और इसे रणवीर के करियर की बड़ी सफलताओं में गिना जा रहा है। फिल्म में उन्होंने एक अंडरकवर एजेंट की भूमिका निभाई है, जिसे दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। उनकी एक्टिंग, बॉडी लैंग्वेज और डायलॉग डिलीवरी की खूब सराहना हो रही है। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार ‘धुरंधर’ ने रणवीर सिंह को एक बार फिर टॉप लीग अभिनेताओं की कतार में मजबूती से खड़ा कर दिया है।
फिल्म की सफलता के बाद अब दर्शकों की निगाहें इसके सीक्वल ‘धुरंधर 2’ पर टिकी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक मेकर्स इसे और बड़े स्तर पर बनाने की तैयारी कर रहे हैं, जिसमें कहानी को आगे बढ़ाते हुए रणवीर के किरदार को और गहराई से दिखाया जाएगा।
Tags
national
