टी-20 वर्ल्ड कप 2026: भारतीय खिलाड़ी परिवार के साथ नहीं ठहरेंगे, BCCI ने टीम मैनेजमेंट की मांग ठुकराई

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी अपने परिवार (पत्नियां और मंगेतर) के साथ टीम होटल में नहीं रह सकेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम मैनेजमेंट की उस मांग को खारिज कर दिया है, जिसमें खिलाड़ियों के परिवार को टीम के साथ ठहराने की अनुमति मांगी गई थी।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI ने साफ किया है कि टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के परिवार को टीम के साथ रहने की इजाजत नहीं दी जाएगी। हालांकि, यदि कोई खिलाड़ी अपने परिवार को साथ रखना चाहता है तो वह खुद के खर्च पर अलग होटल में ठहरने की व्यवस्था कर सकता है। इसके लिए BCCI की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की जाएगी और पूरी जिम्मेदारी खिलाड़ी की होगी।

भारत इस टी-20 वर्ल्ड कप का सह-मेजबान है। BCCI का मानना है कि भारतीय टीम को केवल पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए श्रीलंका जाना है, ऐसे में खिलाड़ियों के परिवार को साथ रखने की जरूरत नहीं है।

BGT 2024-25 के बाद बदली गई पॉलिसी

BCCI की मौजूदा नीति के अनुसार, यदि कोई विदेशी दौरा 45 दिनों से अधिक का होता है, तो खिलाड़ियों के परिवार अधिकतम 14 दिन तक साथ रह सकते हैं। हालांकि यह नियम ICC या मल्टीनेशन टूर्नामेंट पर लागू नहीं होता।

कोविड-19 के बाद पूरे दौरे के दौरान परिवार को साथ रखने की परंपरा शुरू हुई थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (BGT) 2024-25 में भारत की 1-3 से हार के बाद BCCI ने अपनी पॉलिसी में बदलाव कर दिया था।

गाइडलाइंस नहीं मानने पर होगी सख्त कार्रवाई

BCCI ने सभी खिलाड़ियों को जारी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई खिलाड़ी किसी विशेष कारण से इन नियमों का पालन नहीं कर पाता है, तो उसे चयन समिति के अध्यक्ष और मुख्य कोच से पहले अनुमति लेनी होगी।

यदि कोई खिलाड़ी नियम तोड़ता है, तो बोर्ड उसे टूर्नामेंट, सीरीज और यहां तक कि IPL में खेलने से भी रोक सकता है। इसके अलावा सैलरी रोकने और कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने जैसी सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post