Jabalpur News: कांबिंग गश्त में 289 वारंट तामील, 14 हथियारबंद आरोपी पकड़े गए, 41 शराब तस्कर गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
शहर में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में व्यापक स्तर पर कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। यह अभियान 28 फरवरी की रात 9 बजे से 1 मार्च की रात 2 बजे तक चला, जिसमें शहर एवं देहात के सभी थानों की पुलिस टीमें मैदान में उतरीं और बड़ी सफलता प्राप्त की।

कांबिंग गश्त के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा तथा समस्त नगर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में समस्त थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त एवं दबिश दी। इसके साथ ही क्राइम ब्रांच की टीमें भी सक्रिय रहीं।

289 वारंट तामील, वर्षों से फरार आरोपी गिरफ्त में


कांबिंग गश्त के दौरान शहर एवं देहात के थानों में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों की विशेष टीमें गठित की गईं। एक-एक टीम का नेतृत्व स्वयं थाना प्रभारी कर रहे थे, जबकि अन्य टीमों का नेतृत्व उप निरीक्षक एवं सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों ने किया। टीमों द्वारा दबिश देकर लंबे समय से फरार आरोपियों को पकड़ा गया। इस दौरान 120 गैर म्यादी वारंट, 91 गिरफ्तारी वारंट, 71 जमानती वारंट तामील किए गए। अधिकांश आरोपी कई वर्षों से पुलिस से बचते फिर रहे थे, जिन्हें अब गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

अवैध हथियारों पर कार्रवाई: 13 चाकू और 1 बका जब्त


कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों की तलाशी ली। इस दौरान 13 चाकू, 1 बका सहित कुल 14 आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ पकड़ा गया। सभी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गई है।

शराब माफिया पर प्रहार: 41 आरोपी गिरफ्तार


अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने तथा अवैध शराब के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने 58 लीटर देशी शराब, 134 पाव देशी शराब जप्त करते हुए 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

कांबिंग गश्त के दौरान सक्रिय गुंडे-बदमाशों की चेकिंग की गई। देर रात आने-जाने वालों से पूछताछ की गई तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post