Jabalpur News: मोबाइल चोरी के बाद खाते से निकाले 4.61 लाख , गाजियाबाद से दबोचा गया मुख्य आरोपी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ट्रेन यात्रा के दौरान मोबाइल चोरी कर बैंक खाते से लाखों रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को जीआरपी पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़ित के खाते से 4 लाख 61 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए थे।

जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि दिसंबर 2025 में शमीमुल्ला नामक यात्री ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सफर के दौरान उनका मोबाइल चोरी हो गया था, जिसके कुछ दिनों बाद उनके बैंक खाते से ऑनलाइन लेनदेन के जरिए 4.61 लाख रुपए निकल गए। शिकायत के बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, पीएसटीएन डेटा और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने गाजियाबाद में दबिश देकर मुख्य आरोपी अजय कुमार को तीन दिन पहले गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से ठगी की गई रकम में से 95 हजार रुपए बरामद किए गए हैं।

एक और आरोपी फरार

पूछताछ में सामने आया है कि इस ठगी में एक और आरोपी भी शामिल है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने मोबाइल और निजी दस्तावेजों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत, निरीक्षक सोनल शुक्ला, प्रधान आरक्षक आनंद यादव, आरक्षक प्रमोद, उमेश, अमित और साइबर सेल के सागर उपाध्याय की अहम भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post