Jabalpur News: सदर में चले चाकू, युवक पर हमला कर आरोपी फरार; तलाश में जुटी पुलिस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। केण्ट थाना क्षेत्र में एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। युवक अपनी बहन के यहां आयोजित समारोह से लौट रहा था, तभी स्कूटी सवार दो युवकों ने उसका पीछा किया और गांजा मिलने की जानकारी पूछने के बहाने हमला कर दिया।

पुलिस के अनुसार ग्राम भीटा टैमर चण्डी मोहल्ला निवासी 23 वर्षीय आकाश भूमिया ठाकुर ने थाना केण्ट में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आकाश ने बताया कि वह रविवार शाम करीब 6 बजे अपनी बहन के यहां ग्राम पडरिया पनागर चौक में आयोजित एक समारोह में शामिल होने गया था।

आकाश के मुताबिक सोमवार तड़के करीब 4 बजे वह अपने छोटे भाई विकास और पड़ोसी बिट्टू के साथ वापस घर लौट रहा था। जब वे सदर स्थित यादगार चौक पहुंचे, तभी स्कूटी पर सवार दो युवक उनके पास आए और उनका पीछा करने लगे।

पीड़ित ने बताया कि स्कूटी सवार युवक चौपाटी तक उनके पीछे-पीछे आए। इस दौरान चलते-चलते उन्होंने पूछा कि गांजा कहां मिलेगा। आकाश ने कहा कि उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। इसी बात पर स्कूटी में पीछे बैठे युवक ने अचानक चाकू निकालकर उसकी पीठ पर हमला कर दिया।

हमले के बाद आकाश डर गया और किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंचा। बाद में उसने थाना केण्ट पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से स्कूटी सवार युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post