Jabalpur Breaking News: खंडहर से ईंट चोरी के दौरान हादसा, दीवार गिरने से मजदूर की मौत, ठेकेदार पर FIR की मांग

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरगी बांध परिक्षेत्र के बरगी नगर में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां खंडहर हो चुके शासकीय निर्माण से ईंट निकालते समय दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजनों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

 खंडहर बनी सरकारी इमारतें, चोरी का अड्डा

जानकारी के अनुसार सिंचाई विभाग द्वारा वर्षों पहले बनाए गए कार्यालय और आवास अब पूरी तरह खंडहर हो चुके हैं। इन जर्जर निर्माणों से लंबे समय से ईंट, खिड़की-दरवाजे और अन्य कीमती सामग्री चोरी की जा रही है।आरोप है कि इस पूरे खेल में विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की मिलीभगत है और क्षेत्र के एक ठेकेदार के इशारे पर यह काम लगातार चल रहा है।

दीवार गिरी, मजदूर की मौके पर मौत

रविवार सुबह करीब 8 बजे 51 वर्षीय मजदूर धनीराम झारिया खंडहर मकान की दीवार तोड़कर ईंट निकाल रहा था। तभी अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और वह मलबे में दब गया। मौके पर मौजूद ट्रैक्टर चालक छोटे लाल झारिया ने बताया कि ठेकेदार के कहने पर ईंट निकालने का काम चल रहा था। अचानक दीवार गिर गई और धनीराम दब गया। कुछ ही मिनटों में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ठेकेदार पर गंभीर आरोप

बताया जा रहा है कि जिस ट्रैक्टर से ईंट ढोई जा रही थी, वह भी उसी ठेकेदार का था। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से शासकीय संपत्ति की चोरी हो रही है। मजदूरों से ईंट निकलवाकर बाजार में बेची जाती है। प्रशासन और विभाग ने कभी रोकथाम नहीं की।

परिजनों का हंगामा, पुलिस पर दबाव के आरोप

घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने हंगामा करते हुए ठेकेदार के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज करने की मांग की है। आरोप है कि सिंचाई विभाग और ठेकेदार के दबाव में पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है।

पुलिस मौके पर, जांच का आश्वासन

मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी सरिता पटेल और थाना प्रभारी बरगी नीलेश दोहरे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post