Jabalpur News: गढ़ा में विवाद के बाद मारपीट, वकील और पड़ोसी ने एक-दूसरे पर लगाए हमले के आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के पिसनहारी मढ़िया स्थित कोरी मोहल्ले में पानी की लाइन और बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हो गई। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला और धमकी देने के आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वकील ने लगाया शराब के पैसे मांगने और हमला करने का आरोप

गढ़ा थाना पुलिस के अनुसार शुभम के.सी. कोरी (30 वर्ष) निवासी कोरी मोहल्ला पिसनहारी मढ़िया ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह पेशे से वकालत करते हैं। उन्होंने बताया कि बीती रात करीब 9:20 बजे वह अपने कार्यालय शास्त्रीनगर से चाचा तेजीलाल कोरी के घर गए थे और वहां से खाना लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान नितिन कोरी के घर के सामने हरिशंकर और नितिन आए और मोहल्ले की पानी की लाइन खराब होने को लेकर सवाल करने लगे। शुभम ने उन्हें दूर से बात करने के लिए कहा और बताया कि यह काम पार्षद का है। आरोप है कि इस बात पर दोनों ने पार्षद को गाली देना शुरू कर दिया और शराब पीने के लिए दो हजार रुपये मांगने लगे। रुपये देने से मना करने पर हरिशंकर ने उसकी गर्दन पकड़कर गाड़ी से खींच लिया, जबकि नितिन ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की।शुभम के अनुसार जब उसने विरोध किया तो हरिशंकर ने पत्थर से हमला किया। इसके बाद उसने चाकू निकालते हुए नितिन से कहा कि पकड़ो, आज इसे जान से खत्म कर देते हैं। किसी तरह वह दोनों को धक्का देकर अपनी गाड़ी से घर पहुंच गया। पुलिस ने इस मामले में धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 119(1), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई शिकायत

वहीं दूसरे पक्ष से हरिशंकर उर्फ अन्नू कोरी (39 वर्ष) निवासी कोरी मोहल्ला पिसनहारी मढ़िया ने भी गढ़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। हरिशंकर के अनुसार बीती रात करीब 9:30 बजे उसके घर के सामने संतोष कोरी की मोटरसाइकिल खड़ी थी। उसी समय पड़ोसी शुभम उर्फ सोनू कोरी वहां पहुंचे और गाड़ी हटाने के लिए कहने लगे।उसने कहा कि बाइक उसकी नहीं है। इसी बात को लेकर शुभम गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर शुभम अपने घर से डंडा लेकर आए और जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया, जिससे उसके बाएं पैर की जांघ के पास चोट लग गई। हमले के बाद शुभम वहां से भाग गए।

जांच में जुटी पुलिस 

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस ने हरिशंकर की शिकायत पर धारा 296(बी), 115(2), 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल गढ़ा थाना पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की विवेचना कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post