Jabalpur News: संस्कारधानी की अर्शिया खान ने 95.8% अंक हासिल कर किया नाम रोशन, 5वीं-8वीं का परिणाम 87% से अधिक

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल और राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा कक्षा 5वीं और 8वीं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। जबलपुर जिले में इस वर्ष दोनों कक्षाओं का परिणाम 87 प्रतिशत से अधिक रहा, जो शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है। कक्षा 5वीं का कुल परिणाम 87.79 प्रतिशत रहा, जबकि कक्षा 8वीं में 87.09 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए।

कक्षा 8वीं में हितकारिणी कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला की छात्रा अर्शिया खान ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। वहीं दिव्या बारोलिया और श्रेयांश नेमा ने भी 95.5 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

दिव्या बारोलिया
जिला शिक्षा केंद्र के जिला परियोजना समन्वयक योगेश शर्मा के अनुसार, कक्षा 5वीं में 34,133 में से 33,225 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 29,167 उत्तीर्ण हुए। वहीं कक्षा 8वीं में 31,006 में से 29,219 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 25,446 छात्र-छात्राएं सफल रहे।

ब्लॉक स्तर पर पाटन ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। यहां कक्षा 5वीं में 98.23 प्रतिशत और कक्षा 8वीं में 97.13 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए, जो जिले में सर्वोच्च रहा।

श्रेयांश नेमा
अपनी सफलता पर अर्शिया खान ने इसका श्रेय अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि नियमित पढ़ाई, समय का सही उपयोग और मोबाइल फोन से दूरी बनाए रखने से उन्हें यह सफलता मिली। अर्शिया ने अन्य विद्यार्थियों को भी संदेश दिया कि अनुशासन, मेहनत और फोकस के साथ पढ़ाई करने से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post