दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में सभी आवश्यक ईंधनों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है।
अफवाहों से बचें, जरूरत अनुसार ही लें ईंधन
कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का संग्रह न करें। ड्रम या अन्य बर्तनों में ईंधन भरकर ले जाना प्रतिबंधित किया गया है, क्योंकि इससे वितरण व्यवस्था प्रभावित होती है और अन्य उपभोक्ताओं को परेशानी होती है।
गैस वितरण पूरी तरह व्यवस्थित
प्रशासन के अनुसार, रसोई गैस की सप्लाई बुकिंग सिस्टम के तहत नियमित रूप से हो रही है और पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे 25 से 45 दिन की निर्धारित अवधि के अनुसार ही गैस बुकिंग कराएं, ताकि सिस्टम पर अनावश्यक दबाव न पड़े।
ओटीपी देरी का कारण—सर्वर लोड
गैस बुकिंग में ओटीपी आने में हो रही देरी को लेकर भी प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। अधिकारियों का कहना है कि यह समस्या सर्वर पर अधिक लोड के कारण होती है, किसी तय समय सीमा का इससे संबंध नहीं है। कम भीड़ वाले समय में बुकिंग करना अधिक सुविधाजनक रहेगा।
कालाबाजारी पर सख्त नजर, शिकायत पर कार्रवाई
प्रशासन ने कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली या अन्य अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, जहां नागरिक वीडियो के साथ शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ सूचना देने वाले को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
Tags
jabalpur


