दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। लोकायुक्त पुलिस जबलपुर की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बरगी क्षेत्र में वाहन चालकों से अवैध वसूली कर रही आरटीओ की महिला आरक्षक और उसके एक प्राइवेट सहयोगी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता प्रशांत दत्तात्रेय जाधव (निवासी खारघर, नवी मुंबई) की कई गाड़ियां जबलपुर होते हुए उत्तरप्रदेश व अन्य राज्यों में माल परिवहन करती हैं। 25 मार्च को उनकी एक गाड़ी (नंबर DD 01P09764) नागपुर-जबलपुर हाईवे से गुजर रही थी, तभी बरगी के पास तैनात आरटीओ आरक्षक श्वेता अहिरवार और उनके सहयोगी मोहित साहू ने वाहन निकालने के एवज में 4500 रुपए की रिश्वत की मांग की।
मामले की शिकायत लोकायुक्त एसपी अंजू पटले को दी गई, जिसके बाद शिकायत का सत्यापन कर एक विशेष ट्रैप दल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते हुए मौके पर ही धर दबोचा।
नागपुर-जबलपुर हाईवे स्थित बरगी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए महिला आरक्षक श्वेता अहिरवार और प्राइवेट कर्मचारी मोहित साहू को वाहन चालक से 4500 रुपए लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 12, 13(1)(B) और 13(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
