Jabalpur News: बम धमकी से मचा हड़कंप, जबलपुर हेड पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालय निशाने पर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के सिविल लाइन स्थित हेड पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार दोपहर हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पूरे परिसर को अलर्ट पर रख दिया गया और तत्काल पुलिस, बम स्क्वॉड व डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची।

एक घंटे तक चला सघन सर्च ऑपरेशन

सुरक्षा एजेंसियों ने हेड पोस्ट ऑफिस के सभी विभागों, पार्सल सेक्शन और पासपोर्ट कार्यालय में करीब एक घंटे तक गहन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद धमकी को फर्जी माना गया।

 
12:10 बजे मिली थी ब्लास्ट की चेतावनी


जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 12:10 बजे पोस्ट ऑफिस अधीक्षक को एक ईमेल मिला, जिसमें कुछ ही देर में ब्लास्ट होने की चेतावनी दी गई थी और तत्काल परिसर खाली करने को कहा गया था। मेल पढ़ते ही अधिकारियों ने बिना देर किए पुलिस और कंट्रोल रूम को सूचना दी।

बम स्क्वॉड और पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही बम स्क्वॉड प्रभारी पंकज सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास के क्षेत्रों को भी घेराबंदी कर जांच की गई। सुरक्षा के मद्देनजर सभी पार्सलों की जांच मेटल डिटेक्टर से करने के निर्देश दिए गए हैं।

 
मेल में प्रदेशभर के पासपोर्ट कार्यालयों का जिक्र


धमकी भरे मेल में मध्य प्रदेश के अन्य जोन के पासपोर्ट कार्यालयों को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी, जिससे सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं।

जांच के बाद मिली राहत

करीब एक घंटे की सघन चेकिंग के बाद जब कोई विस्फोटक नहीं मिला, तब कर्मचारियों और अधिकारियों ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुट गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post