Jabalpur News: इलाज या लापरवाही? दो महिलाओं के पैर काटने का आरोप, न्याय के लिए भटक रहे पीड़ित

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
शहर के एक निजी अस्पताल पर इलाज में गंभीर लापरवाही और बीमा क्लेम के लालच में मरीजों के पैर काटने का सनसनीखेज आरोप सामने आया है। पीड़ितों ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

मामला गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी अस्पताल का बताया जा रहा है, जहां सड़क हादसे में घायल हुईं बसंती मल्लाह और सुकून बाई सहित राजू मल्लाह को भर्ती कराया गया था। पीड़ितों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के समय उनके पैरों की उंगलियां चल रही थीं, लेकिन डॉक्टरों ने उचित उपचार करने के बजाय लापरवाही बरती।

आरोप के मुताबिक डॉक्टरों ने पैरों पर प्लास्टर बांधकर पन्नी चढ़ा दी, जिससे घाव सड़ने लगे और स्थिति बिगड़ती चली गई। बाद में कथित रूप से बीमा क्लेम के लालच में दोनों महिलाओं के पैर काट दिए गए, जिससे वे जीवनभर के लिए अपाहिज हो गईं।

एसपी ऑफिस पहुंचा मामला

इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव आशीष मिश्रा अपने कार्यकर्ताओं के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

पीड़ितों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और संबंधित थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर बताया कि पूरी घटना एक सड़क हादसे के बाद शुरू हुई थी, जब ट्रक (MP21ZD9367) ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मारी थी। पहले उन्हें श्रीधाम अस्पताल और बाद में स्मार्ट सिटी अस्पताल रेफर किया गया था।

पीड़ितों का कहना है कि वे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन लापरवाही ने उनकी जिंदगी बदल दी। अब वे न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।

ये रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश चंद्र यादव, बीपी उड़िया, कमलेश पटेल, दीपेंद्र दुबे, राहुल अहिरवार, शुभम अहिरवार, राम बालक पटेल, देवकरण पटेल, अधिवक्ता दीपांशु साहू, देवेन्द्र यादव सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post