दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आधारताल क्षेत्र में बुधवार को उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब हिंदू संगठन हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ताओं ने एक दुकान के बाहर जमकर प्रदर्शन किया और दुकान का बोर्ड तोड़ दिया। संगठन का आरोप है कि कुछ लोग नाम और धर्म बदलकर व्यापार कर रहे हैं, जिससे सामाजिक भ्रम और अविश्वास की स्थिति पैदा हो रही है।
नाम बदलकर व्यापार करने का आरोप
संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना है कि आधारताल चौक पर कुछ दुकानदार हिंदू नामों का उपयोग कर व्यवसाय चला रहे हैं, जबकि उनकी वास्तविक पहचान अलग है। इसे लेकर उन्होंने सख्त विरोध जताया और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी प्रवीण सिंह को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि ऐसे मामलों की जांच कर उचित कदम उठाए जाएं। पुलिस ने भी आश्वासन दिया है कि शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मानव तस्करी के आरोप से जुड़ा मामला
पूरा मामला तब और गंभीर हो गया जब इसी दुकान के संचालक मोहम्मद जावेद हुसैन को हाल ही में एक युवती को 2 लाख रुपए में बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि 19 वर्षीय युवती, जो दुकान में काम करती थी, दिसंबर 2025 में लापता हो गई थी।आरोपी ने अपनी महिला साथी पूनम के साथ मिलकर युवती को पहले उज्जैन और फिर राजस्थान भेजा। वहां उसे कोटा निवासी व्यक्ति को 2 लाख रुपए में बेच दिया गया। चार महीने बाद युवती किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर 18 मार्च को जबलपुर लौटी और पूरी घटना का खुलासा किया।
धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष नीरज राजपूत का कहना है कि हिंदू नाम से दुकान चलाने से लोगों में भ्रम फैलता है और इससे धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने इसे एक सुनियोजित साजिश बताया।
अन्य दुकानों पर भी उठे सवाल
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आसपास की दुकानों में भी जांच-पड़ताल की। कुछ दुकानों में नाम और पहचान को लेकर सवाल उठे, जिसके बाद उन्हें वास्तविक नाम से व्यापार करने की सलाह दी गई।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी और उसकी सहयोगी को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। नाम बदलकर व्यापार करने के मामले में भी जांच की जा रही है।
Tags
jabalpur
